भोपाल : मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने स्मार्ट उद्यान में पंडित दीनदयाल उपाध्याय बोरवन क्लब के श्री जगदीश असवानी, श्री शेट्टी चांदनानी श्री रवि नारायण सतानी के साथ अर्जुन और गुलमोहर का पौधा लगाया। मुख्यमंत्री श्री चौहान अपने संकल्प के क्रम में प्रतिदिन पौध-रोपण कर रहे हैं। मुख्यमंत्री श्री चौहान पर्यावरण संरक्षण के लिए पौध-रोपण के कार्य में समाज की भागीदारी को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से प्रतिदिन सामाजिक, स्वयंसेवी संस्थाओं और पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में काम करने वाले व्यक्तियों के साथ पौध-रोपण करते हैं।
दो वर्ष पूर्व संत हिरदाराम नगर में बनी संस्था पंडित दीनदयाल उपाध्याय बोरवन क्लब प्रकृति, पर्यावरण, स्वच्छता और स्वास्थ के लिए जन-जागरण का काम करती है। संस्था द्वारा लगभग 180 एकड़ क्षेत्र में फैले बोरवन को कचरा एवं पॉलीथिन मुक्त कर उसका सौंदर्यीकरण किया गया। इससे बोरवन एक आदर्श वन के रूप में विकसित हुआ है। संस्था द्वारा 7 हजार से अधिक पौधों का रोपण किया गया है। साथ ही जैविक खेती को प्रोत्साहित कर इससे होने वाले लाभ को प्रसारित-प्रचारित किया जाता रहा है।
आज लगाए गए गुलमोहर को विश्व के सुंदरतम वृक्षों में से एक माना जाता है। गुलमोहर की पत्तियों के बीच बड़े-बड़े गुच्छों में खिले फूल, इस वृक्ष को अलग ही आकर्षण प्रदान करते हैं। गर्मी के दिनों में गुलमोहर के पेड़ पत्तियों की जगह फूलों से लदे हुए रहते हैं। यह औषधीय गुणों से भी समृद्ध है। अर्जुन का वृक्ष एक औषधीय वृक्ष है, जिसकी छाल एवं रस का उपयोग हृदय एवं क्षय रोग जैसी बीमारियों में लाभ दायक है। सदा हरा रहने वाला यह वृक्ष हिमालय की तराई एवं शुष्क स्थानों पर पाया जाता है। अर्जुन के वृक्ष मध्यप्रदेश में भी काफी मात्रा में पाये जाते हैं।
from कर्मयोगी अटल पत्रकार संघ https://ift.tt/3xoPNCz
via IFTTT

Post a Comment